उसकी मां ने उसे छोड़ दिया, जन्म के एक घंटे बाद ही, लेकिन वह सुरक्षित हैं, क्योंकि उसकी मां ने एक समझदारी भरा फैसला किया था। उसे असुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बजाय वह उसे उसी अस्पताल को सौंप कर चली गई, जहां उसे जन्म दिया था। घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार रात की है।
गाजियाबाद चाईल्ड वेलफेयर कमेटी के श्री आरिफ ने पा-लो ना को बताया कि एक लड़की अपनी मां के साथ गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुई और नार्मल डिलिवरी में एक लड़के को जन्म दिया। जन्म के एक घंटे बाद ही वह शपथ पत्र देकर बच्चे को अस्पताल को सौंप कर चली गई। रजिस्टर में उसने जो नाम, पता और फोन नंबर दिया था, वह भी गलत निकला। अस्पताल के मुताबिक, वह लड़की अविवाहित थी। जिस लड़के से वह प्यार करती थी, उसने धोखा दे दिया। पहले तो वह अपने परिवार से इस सच्चाई को छुपाती रही, लेकिन प्रसव पीड़ा होने पर उसकी मां ही उसे लेकर नंदग्राम के चैरिटेबल हॉस्पिटल में पहुंची, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया।
इसकी जानकारी अस्पताल ने चाईल्ड लाईन को दी और चाईल्ड लाईन के जरिए ये सूचना चाईल्ड वेलफेयर कमेटी तक पहुंची। जिसके बाद बच्चे को वहां से निकालकर जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चा अभी काफी छोटा है, हालांकि स्वस्थ है। करीब एक महीने तक बच्चे को वहां रखा जाएगा, और फिर मथुरा या लखनऊ के एडॉप्शन सेंटर भेज दिया जाएगा।
पा-लो ना टीम इस मां के निर्णय का सम्मान करती है। गाजियाबाद की इस मां ने और उनके परिवार ने जो फैसला किया, वह बच्चे के लिए तो जीवनदायी है ही, समाज को भी एक संदेश देता है कि हालात कितने भी विपरीत क्यों न हो, बच्चे को असुरक्षित स्थान पर छोड़कर उसकी हत्या का प्रयास करने से बेहतर है उसे सुरक्षित स्थान पर सुरक्षित हाथों में सौंपना।
28 फरवरी 2018 गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश (M)