तीसरी बेटी होने पर पिता को आया गुस्सा
बच्ची की हत्या को क्या पुलिस रफा दफा कर रही है!
28 MAY 2023, SUNDAY, PILIBHIT, UP
MONIKA ARYA
उत्तर प्रदेश की रहने वाली शब्बो खुश थी। उसने तीसरी संतान को जन्म दिया था। ये एक बेटी थी। लेकिन शब्बो का पति और मासूम बच्ची का पिता फरहान खुश नहीं था। वह नाराज था। और इसी नाराजगी ने उस मासूम की जान ले ली।

कब, कहां, कैसे
घटना उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पूरनपुर थाना क्षेत्र की शब्बो के साथ घटी है। 28 मई 2023 को शब्बो ने एक बेटी को जन्म दिया था। यह उनके यहां जन्म लेने वाली तीसरी बेटी थी। फिर भी शब्बो खुश थी। उसके मायके वाले भी, क्योंकि घर में एक बच्चे का जन्म हुआ था।
लेकिन शब्बो का पति फरहान खुश नहीं था। उसकी नाराजगी इस बात को लेकर थी कि उसकी पत्नी ने फिर एक बेटी को जन्म दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शब्बो की बहन सुनैना ने जैसे ही फरहान की गोद में उस मासूम बच्ची को डाला, फरहान ने उसे जमीन पर पटक दिया।
और थम गईं बच्ची की सांसें
बच्ची बेसुध हो गई। आसपास के लोग उसे उठाने को दौड़े। उसे गोद में लेने पर पाया कि बच्ची की सांसें चल रहीं हैं। डॉक्टर ने तत्काल उसे लखनऊ के लिए रैफर कर दिया। शब्बो के मायके वाले बच्ची को लेकर लखनऊ के लिए निकल गए। मगर बीच रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। सभी लोग बच्ची के शव को लेकर वापिस लौट आए।
क्या कहती है पुलिस
थाना अध्यक्ष आशुतोष रघुवंशी के हवाले से स्थानीय मीडिया रिपोर्टस में लिखा है कि शब्बो की मां के बयान पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। लेकिन वैसा कोई मामला नहीं निकला। डॉक्टरों के मुताबिक, नवजात शिशु की हालात जन्म से ही बहुत नाजुक थी। इसी कारण उसकी मौत हुई है। दीवार पर पटकने जैसा कोई मामला नहीं है। पीड़िता शब्बो और उसकी मां ने पहले फरहान के ऊपर अपनी तीसरी बेटी को मारने का आरोप लगाया था। मगर, डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद पति और पत्नी के बीच समझौता हो गया। इस कारण एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस के दावों पर शब्बो ने किया इनकार
हालांकि, शब्बो ने इससे इनकार किया है। उसके मुताबिक, वह चाहती है कि उसके पति को सजा मिले।
सीओ सुनील दत्त ने शुक्रवार को कहा कि वह स्वयं मामले को देखेंगे और एसएचओ पर लगे आरोपों की जांच भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पीड़िता प्राथमिकी दर्ज करना चाहती है, तो दर्ज की जाएगी।
08 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटियां हैं
मालूम हो कि पूरनपुर थाना क्षेत्र के खानका मोहल्ले की रहने वाली शब्बो की शादी 8 साल पहले सिरसा गांव के फरहान से हुई थी। शादी के बाद उनके यहां दो बेटियों का जन्म हुआ। शब्बो ने रविवार यानी 28 मई 2023 को तीसरी बेटी को जन्म दिया था, जिसकी हत्या करने का आरोप बच्ची के पिता पर लगा है।
ये भी पढ़ें- Meerut: मासूम बच्ची ने बचा लिया मासूम को – Paalonaa
संगीन आरोपों की जांच में गंभीरता बरती जानी चाहिएः पालोना
परिवार के आरोप बहुत संगीन है। इस मामले की गहन व गंभीर तरीके से जांच पड़ताल होनी चाहिए। यदि आरोपों में सच्चाई मिलती है तो बच्ची के पिता के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
पालोना
- यहां ध्यान देना होगा कि शब्बो और फरहान के बीच पहले से ही संबंध ठीक नहीं चल रहे थे।
- दूसरी बात कि Circumstantial Evidence को भी ध्यान में रखना होगा। दंपत्ति की पहले से दो बेटियां हैं। भारत में बेटियों को लेकर आम लोगों का रुख कैसा है, सभी इससे वाकिफ हैं। इसलिए बहुत स्वाभाविक है कि फरहान ने पत्नी के साथ खराब संबंधों और तीसरी बेटी होने के चलते गुस्से में ऐसा कदम उठाया हो।